Follow Us:

नगरोटा बगवां कांग्रेस की एक तरफा बड़ी जीत – बड़ोह ब्लॉक समिति में कांग्रेस समर्थक रेनू बाला चेयरमैन और सुदेश परासर वाईस चेयरमैन चुने गए

 

बड़ोह ब्लॉक समिति में कांग्रेस समर्थित रेनू बाला अध्यक्ष और सुदेश पराशर उपाध्यक्ष निर्वाचित

15 में से 10 सदस्यों का समर्थन, कांग्रेस खेमे ने दर्ज की बड़ी जीत

नगरोटा और बड़ोह ब्लॉक समिति के 30 में से 24 सदस्य विकास की सोच के साथ: आरएस बाली


नगरोटा बगवां, 23 जून। बड़ोह ब्लॉक समिति में कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों की एकजुटता और विकास की राजनीति को बड़ी सफलता मिली है। 15 सदस्यीय ब्लॉक समिति में एसडीएम नगरोटा मुनीश शर्मा की अध्यक्षता में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। नियमों के अंतर्गत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद के लिए प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया और उसके उपरांत वोटिंग प्रक्रिया हुई। 15 में से 10 मत प्राप्त करके रेनू बाला ब्लॉक समिति बड़ोह की अध्यक्ष बनीं। उपाध्यक्ष पद के चुनाव में 15 में से 9 मत लेकर सुदेश पराशर उपाध्यक्ष बने। एसडीएम नगरोटा ने उन्हें शपथ दिलाई और सभी को कार्यकारिणी संपन्न होने के लिए बधाई दी।

निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा कांग्रेस विचारधारा समर्थित ब्लॉक समिति के सदस्यों ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने उनके मार्गदर्शन, सहयोग और विकास की राजनीति को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

आर.एस. बाली ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी ब्लॉक समिति सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नगरोटा बगवां की तरह ही बड़ोह की जनता ने भी विकास, विश्वास और सकारात्मक राजनीति पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक समिति का प्रत्येक सदस्य अपने-अपने क्षेत्र का अध्यक्ष है और सभी सदस्यों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।

बाली ने कहा कि चुनाव समाप्त हो चुके हैं और अब सभी को मिलकर समस्त नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी एक परिवार का हिस्सा हैं तथा ब्लॉक समिति का प्रत्येक सदस्य हमारे लिए एक बराबर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, जनकल्याण और प्रगति के लिए सभी को साथ लेकर चला जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि नगरोटा और बड़ोह ब्लॉक समिति के 30 सदस्यों में से 24 सदस्यों का विकास की इस सोच के साथ खड़ा होना कांग्रेस परिवार की एकजुटता, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का परिचायक है। और यह इस बात का प्रमाण है कि जनप्रतिनिधियों ने विकास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दी है।

बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां और बड़ोह ब्लॉक समिति की नई टीम को उनका पूरा सहयोग मिलता रहेगा तथा पंचायत स्तर से विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया तथा सभी ने क्षेत्र के विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।