Follow Us:

सुक्खू सरकार अब करेगी बिजली मित्रों की नियुक्ति

बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए सुक्खू सरकार करेगी बिजली मित्रों की नियुक्ति
लोक सेवा आयोग से नियुक्ति में देर, तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर बिजली मित्र योजना लागू
विधायक रणधीर शर्मा के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने दी सहमति


हिमाचल प्रदेश में लगातार आ रही बिजली आपूर्ति की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए सरकार ने एक अहम कदम उठाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश में अब जल्द ही बिजली मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। उनका कहना था कि राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से कर्मचारियों की नियुक्तियां करने में लंबा समय लग जाता है, जबकि मौजूदा हालात में त्वरित समाधान की ज़रूरत है।

नयना देवी के भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सदन में अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि बिजली की लगातार बाधित आपूर्ति से न केवल लोगों का घरेलू जीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि पेयजल संकट भी गहरा गया है क्योंकि मोटरें और अन्य उपकरण बिजली न होने से नहीं चल पा रहे। इसके अलावा, बिजली बोर्ड में फील्ड स्टाफ की भारी कमी है। न तो आउटसोर्स कर्मचारी उपलब्ध हैं और न ही नियमित कर्मचारियों की भर्ती हो पाई है।

रणधीर शर्मा ने सुझाव दिया कि जब तक स्थायी नियुक्तियां नहीं होतीं, तब तक सरकार बिजली मित्रों जैसी अस्थायी व्यवस्था करे, जिससे उपभोक्ताओं को त्वरित मदद मिल सके। इस पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने उनकी बात से सहमति जताई और कहा कि सरकार जल्द ही इस व्यवस्था को लागू करेगी।

सीएम ने साफ कहा कि बिजली मित्रों की नियुक्ति एक तात्कालिक व्यवस्था होगी, जो स्थायी समाधान आने तक बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाने और जनता की परेशानियां कम करने में मददगार साबित होगी।