➤ दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी निजी बस पलटी, 2 की मौत
➤ हादसे में 15 श्रद्धालु घायल, तीन की हालत गंभीर
➤ तेज रफ्तार की आशंका, पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर-हमीरपुर सीमा क्षेत्र में रविवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाबा बालकनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पंजाब नंबर की निजी बस दियोटसिद्ध-शाहतलाई मार्ग पर बैरियर नंबर-1 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार बस में करीब 35 श्रद्धालु सवार थे, जो अमृतसर से बाबा बालकनाथ के दर्शन करने के बाद शाहतलाई लौट रहे थे। सभी श्रद्धालुओं का ठहराव शाहतलाई स्थित चंडीगढ़ सराय में था।
तीन गंभीर घायल रेफर
हादसे के बाद सभी घायलों को तत्काल बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक श्रद्धालु को पीजीआई चंडीगढ़, जबकि दो अन्य को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
तीखे मोड़ पर हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे दियोटसिद्ध से शाहतलाई की ओर जाते समय बैरियर नंबर-1 के पास एक तीखे मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क पर पलट गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एंबुलेंस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान तथा उपायुक्त राहुल कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।



