➤ बिलासपुर के तलाई क्षेत्र में 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप से फैला तनाव
➤ आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर के बाहर स्कूटी में लगाई आग और की तोड़फोड़
➤ पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के तलाई थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप के बाद शुक्रवार शाम पूरे इलाके में तनाव फैल गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए और माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।
गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही भीड़ ने घर के दरवाजों और खिड़कियों में तोड़फोड़ भी की। लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर रहे थे, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही तलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। बाद में जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।
पुलिस के अनुसार आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
इस बीच पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज कर एफआईआर दर्ज कर ली है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।



