Follow Us:

इंजीनियरिंग कॉलेज के Principal पर यौन उत्पीड़न का आरोप, छात्रों का प्रदर्शन, पुतला जलाया, प्रिंसिपल हिरासत में

  • बिलासपुर स्थित राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल हिमांशु मोंगा पर छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

  • छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर पुतला जलाया, पुलिस ने देर रात प्रिंसिपल को हिरासत में लिया

  • तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा – दो दिन में जांच रिपोर्ट मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी


Bilaspur engineering college harassment: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में स्थित राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज एक गंभीर विवाद की चपेट में आ गया है। कॉलेज के प्रिंसिपल हिमांशु मोंगा पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद पुलिस ने उन्हें गुरुवार देर रात हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल के खिलाफ यौन उत्पीड़न की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

यह मामला तब उजागर हुआ जब कॉलेज की एक छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोप है कि प्रिंसिपल अस्पताल में भर्ती छात्रा के साथ कंबल के नीचे अश्लील हरकतें करते दिखाई दिए। इस वीडियो के वायरल होते ही गुरुवार शाम को कॉलेज के छात्र-छात्राएं भारी संख्या में परिसर में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए प्रिंसिपल का पुतला फूंका। छात्र देर रात तक कॉलेज गेट पर धरना देते रहे।

छात्रों ने आरोप लगाया कि हिमांशु मोंगा छात्राओं को अश्लील संदेश और कॉल किया करते थे, और जब छात्राएं इसका विरोध करतीं, तो उन्हें धमकाया जाता था। इस व्यवहार की शिकायत पहले भी सुंदरनगर इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रिंसिपल रहते समय की गई थी, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। बंदला कॉलेज में तैनाती के दौरान भी यही व्यवहार दोहराया गया।

इस गंभीर मामले को लेकर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस शिकायत की जानकारी कुछ दिन पहले ही मिली थी और इसकी जांच तकनीकी शिक्षा विभाग की सेक्सुअल हरासमेंट कमेटी को सौंपी गई है, जिसकी अध्यक्षता एक महिला प्रिंसिपल कर रही हैं। मंत्री ने दो दिन में रिपोर्ट देने को कहा है और भरोसा दिलाया कि रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।