Follow Us:

बिलासपुरः राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की जिलाध्यक्ष कांता शर्मा की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

सुरेन्द्र जंवाल, बिलासपुर |

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का एक महत्वपूर्ण सम्मेलन संगठन की जिलाध्यक्ष कांता शर्मा की अध्यक्षता में मैहरी काथला में संपन्न हुआ। इसमें विभिन्न पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों औऱ भारी मात्रा में महिलाओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव और हिमाचल के प्रभारी जगदीप सिंह और हिमाचल प्रदेश के संयोजक दीपक राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक दीपक राठौर ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए पंचायतों का मजबूत होना जरूरी है। इसी के लिए संगठन काम कर रहा है। आज जो देश का माहौल बनाया जा रहा है उससे संविधान की अवहेलना हो रही है और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। केंद्र सरकार देश की मौजूदा समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए औऱ अपने वोटों के ध्रुवीकरण के लिए धार्मिक उन्माद फैला कर आग से खेलने की कोशिश कर रही है। जो आने वाले भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। आज आर्थिक स्थिति सबसे बुरे दौर से गुजर रही है और बेरोजगारी लगातार बढ़ती जा रही है जिसके लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज बिलासपुर को जरूरत है कि किरतपुर नेरचौक फोरलेन को पूरा किया जाए जो काफी समय से बंद पड़ा है। लेकिन सरकार इसकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। कांग्रेस पार्टी सीएए और एनआरसी की विरोधी नहीं है। लेकिन उसके पीछे जो भाजपा की मंशा छुपी हुई है कांग्रेस पार्टी उस का विरोध कर रही है। जाति औऱ धर्म के नाम पर होने वाले हर फैसले का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के कानून धर्म के आधार पर नहीं मानवता के आधार पर होने चाहिए।