Follow Us:

बिलासपुर में नाबालिग खिलाड़ी से छेड़छाड़, कोच पर पॉक्सो में मामला दर्ज

➤ बिलासपुर में नाबालिग क्रिकेट खिलाड़ी ने कोच पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया
➤ शिकायत पर महिला थाना बिलासपुर ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया
➤ पीजी संचालिका ने घबराहट देखकर पूछताछ की, तब खुला पूरा घटनाक्रम


बिलासपुर में क्रिकेट प्रशिक्षण ले रही एक नाबालिग खिलाड़ी ने अपने कोच पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर महिला थाना बिलासपुर ने आरोपी कोच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता मूल रूप से मंडी जिले की रहने वाली है और बिलासपुर में रहकर पढ़ाई के साथ क्रिकेट कोचिंग ले रही थी।

जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को कोच ने खिलाड़ी को फोन कर मुख्य बाजार बिलासपुर बुलाया। भरोसे में आकर वह वहां पहुंच गई। आरोप है कि कोच उसे शहर के एक थिएटर के अंदर ले गया। फिल्म शुरू होने के बाद थिएटर में सिर्फ वही दोनों मौजूद थे। इसी दौरान कोच ने उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की और नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। घबराई खिलाड़ी उस समय कुछ नहीं बोल सकी।

अगले दिन जब वह अपने पीजी लौटी तो उसकी घबराहट और असामान्य व्यवहार देखकर पीजी संचालिका ने पूछताछ की। दबाव देने पर खिलाड़ी रो पड़ी और पूरी घटना का खुलासा कर दिया। इसके बाद संचालिका ने उसके माता-पिता को सूचना दी।
शनिवार को बिलासपुर पहुंचे परिजन यह सुनकर आक्रोशित हो गए। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी की मां ने आरोपी कोच की पिटाई भी की। इसके बाद परिवार सीधे महिला थाना पहुंचा।

शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।