➤ बिलासपुर में 10वीं के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान
➤ कंपार्टमेंट आने के बाद तनाव में था 15 वर्षीय अमन
➤ घटना के समय घर पर अकेला था किशोर, पुलिस जांच में जुटी
बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत जड्डू कुलज्यार के गांव ठठल जंगल में 15 वर्षीय किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमन कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कंपार्टमेंट आने के बाद मानसिक तनाव में था।
बताया जा रहा है कि अमन कुमार ने इस वर्ष राजकीय उच्च पाठशाला ठठल जंगल से दसवीं की परीक्षा दी थी। रविवार को घोषित हुए परीक्षा परिणाम में उसे कंपार्टमेंट आई थी। इससे वह काफी परेशान चल रहा था।
घटना के समय उसके पिता दिहाड़ी मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां किसी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर में अकेला होने पर अमन ने कमरे का दरवाजा बंद कर छत से फंदा लगा लिया।
दोपहर बाद जब मां घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। शक होने पर खिड़की से देखा तो अमन फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल भेज दिया है।
डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



