-
हिमाचल प्रदेश को पर्यटन क्षेत्र में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले
-
बीड़-बिलिंग को बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन और धर्मशाला को बेस्ट माउंटेन डेस्टिनेशन का सम्मान
-
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बधाई दी, पर्यटन को और बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई
Himachal Tourism Awards: हिमाचल प्रदेश को पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई है। इंडिया टुडे ग्रुप ने प्रदेश को दो प्रतिष्ठित श्रेणियों में सम्मानित किया है। दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में बीड़-बिलिंग को ‘एडिटर चॉइस बेस्ट एडवेंचर डेस्टिनेशन’ और धर्मशाला को ‘बेस्ट माउंटेन डेस्टिनेशन’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस सम्मान को हिमाचल सरकार की ओर से आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती ने प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल वातावरण के कारण यह देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। सरकार ने पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए कई योजनाएं लागू की हैं, जिनका असर अब देखने को मिल रहा है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन और अविस्मरणीय अनुभव मिल सके।



