➤ शिमला में भाजपा के करीब 50 कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल
➤ HRTC के पूर्व जीएम केसी चौहान सहित कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन
➤ कांग्रेस ने संगठन विस्तार अभियान को बताया मिल रहा जनसमर्थन
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के संगठन विस्तार अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा के करीब 50 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में HRTC के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक (जीएम) केसी चौहान, शिमला ग्रामीण के पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी, करिश्मा शर्मा तथा उनके समर्थक शामिल रहे। सभी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से संबंधित क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान के तहत प्रदेशभर में लगातार नए लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में करीब 10 हजार भाजपा नेता और समर्थक कांग्रेस में शामिल होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



