Follow Us:

दिल्ली फतेह करने पर हिमाचल भाजपा में जश्न, कांग्रेस निराशा

|

शिमला। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह जश्न मनाया। हमीरपुर, कुल्लू, बिलासपुर और मनाली सहित कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव मनाया और लड्डू बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी।

हमीरपुर में जश्न


हमीरपुर जिले के गांधी चौक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और भाजपा की जीत पर खुशी जताई। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, देसराज शर्मा, नरेंद्र अत्री, रोबिन और अजय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे

कुल्लू में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बांटे लड्डू


भाजपा की जीत को लेकर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह की अगुवाई में कुल्लू में जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाए और मिठाइयां बांटी। महेश्वर सिंह ने इसे सच्चाई और गारंटियों को पूरा करने की जीत बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी

बिलासपुर में ढोल-नगाड़ों के साथ विजय उत्सव


भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह जिले बिलासपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। विधायक त्रिलोक जमवाल और चेतना संस्था के सचिव हरीश नड्डा की मौजूदगी में बरमाणा में जश्न का आयोजन हुआ, जिसमें कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जताई

मनाली में विजय रैली


भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद मनाली में मालरोड पर विजय रैली निकाली गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के समक्ष लड्डू बांटे और नारेबाजी की। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष ठाकुर दास, जोगेंद्र मेहरा और नगर परिषद अध्यक्ष मनोज लारजे ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है

नाहन में जश्‍न


दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर भाजपा मंडल नाहन ने गुन्नु घाट चौक पर आतिशबाजी चलाकर और लड्डू बांटकर जश्न मनाया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष तौर पर शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि आज पूरे देश में खुशी का माहौल है जब दिल्ली की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को दो तिहाई सीटों पर जीत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि यह जीत देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और अमित शाह समेत पार्टी हाई कमान की नीतियों की जीत है। इसके लिए उन्होंने दिल्ली की जनता का आभार जताया। उन्होंने कांग्रेस पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में एड़ी चोटी तक का जोर लगाया बावजूद इसके सभी 70 सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जप्त होना नेहरू गांधी परिवार की भारी हार है। इससे कांग्रेस कांग्रेस पार्टी को सबक लेना चाहिए और जिस प्रकार की राजनीति कांग्रेस ने की है उसका जवाब दिल्ली की जनता ने दिया है।

 

दिल्ली में भाजपा की जीत, सोलन भाजपा ने मिठाई बांटकर मनाया जश्न


भाजपा शहरी मंडल सोलन ने शनिवार को शहर के मॉल रोड़ पर ओल्ड बस स्टैंड पर एकत्र होकर दिल्ली विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से हुई जीत को लेकर आतिशबाजी और मिष्ठान वितरण कर भाजपा की जीत का जश्न मनाया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को शुभकामनाएं दी। इस दौरान भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में ऐतिहासिक जीत हुई जिसके लिए वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने यहां पर जमीनी स्तर पर आकर कार्य किया है जिसका जवाब दिल्ली की जनता ने भी अब दे दिया है।

कांग्रेस ने हार पर जताई निराशा


हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने दिल्ली चुनाव के नतीजों को निराशाजनक बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस हार से सबक लेगी और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार के कारणों की समीक्षा करेगी और पार्टी को मजबूत करने के लिए नए कदम उठाएगी।

जयराम ठाकुर बोले—दिल्ली की जनता ने ठुकराई ‘आप’ की राजनीति


नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली की जनता ने झूठ, अराजकता और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने भाजपा की जीत को मोदी के सुशासन और विकास की जीत बताया और कहा कि दिल्ली के दिल में अब सिर्फ ‘मोदी ही मोदी’ है