Ranbhir Sharma allegations: भाजपा के वरिष्ठ नेता और नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने आज एक प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को झूठ बोलकर गुमराह कर रहे हैं, और इस मामले में वे अरविंद केजरीवाल से भी आगे बढ़ गए हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में जिन योजनाओं को विधायक प्राथमिकता के तहत भेजा गया, उन स्कीमों को नाबार्ड से मंजूरी नहीं दी गई।
मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में प्रस्तुत किए गए आंकड़ों को पूरी तरह से झूठा बताते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं का दावा किया, वे तथ्यों से मेल नहीं खातीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में 50 करोड़, नैना देवी में 124 करोड़, करसोग में 127 करोड़, सुंदरनगर में 82 करोड़, नाचन में 45 करोड़, जोगेंदरनगर में 50 करोड़ और मंडी में 33 करोड़ की स्वीकृति का जो दावा किया गया, वह पूरी तरह से गलत है।
शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सत्ता में आने के बाद नाबार्ड की स्वीकृत योजनाओं के पैमाने बदल दिए। पहले जो स्कीमें जाती थीं, उन्हें प्राथमिकता से स्वीकृति मिलती थी, लेकिन अब मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के विधायकों के क्षेत्रों की योजनाओं को प्राथमिकता दे दी है।
साथ ही, विधायक ने विधानसभा में हुई 14 नियुक्तियों पर सवाल उठाए और इसे एक बड़ी धांधली करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के क्षेत्रों में अपने चहेतों को नौकरी पर लगाया गया है।