Follow Us:

पंचायत चुनावों को लेकर बीजेपी ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन जयराम ठाकुर, बोले- कांग्रेस सरकार लोकतंत्र को कुचल रही

बीजेपी ने पंचायत चुनावों को लेकर राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र कुचलने का लगाया आरोप

नियमों में बदलाव कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश का दावा


हिमाचल प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राजधानी शिमला में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पंचायत चुनावों और नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायत चुनाव करवाने के पक्ष में नहीं थी और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद ही चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार चुनावों को प्रभावित करने के लिए लगातार नियमों में बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा को बड़ी सफलता मिली है, जिसके बाद कांग्रेस सरकार बौखलाई हुई है।

उन्होंने दावा किया कि नगर परिषद चुनावों में 25 में से 18 सीटों पर भाजपा को जीत मिली, जबकि 22 नगर पंचायतों में से 12 में भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे। इसी वजह से अब सरकार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश कर रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पहले अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सात दिन का नोटिस देना अनिवार्य था, लेकिन अब इस समय सीमा से जुड़े प्रावधान हटा दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे जिला उपायुक्तों को मनमर्जी से चुनाव करवाने की खुली छूट मिल जाएगी और बड़े स्तर पर हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद सरकार ने कैबिनेट बैठक बुलाकर ऐसे फैसले लिए, जिनका सीधा असर पंचायत चुनावों पर पड़ सकता है। भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि सरकार से इस तरह के फैसलों पर जवाब मांगा जाए।

जयराम ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि चुने हुए पार्षदों को विजिलेंस मामलों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं ताकि राजनीतिक दबाव बनाया जा सके।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के उद्देश्य से राज्यपाल से मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमों में बदलाव कर पंचायत और नगर निकाय चुनावों को “हाइजैक” करने का प्रयास किया जा रहा है।

बिंदल ने कहा कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के लिए जिला उपायुक्तों को “अनलिमिटेड पावर” देना जनमत का अपमान है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और अब अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए नियमों को तोड़-मरोड़ रही है।

इस दौरान जयराम ठाकुर ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध के कारण तेल की कीमतों में वृद्धि हो रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार ने डीजल पर 7 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी की है और “ऑर्फन एंड विडो सेस” लगाने से आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थिति को संभालने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं और केंद्र सरकार जनता को राहत देने की दिशा में काम कर रही है।