➤ दुष्कर्म आरोप मामले में विधायक हंसराज पहुंचे महिला थाना चंबा
➤ पुलिस ने निगरानी में करवाया मेडिकल, कई सवाल किए
➤ चंडीगढ़ स्थित फ्लैट में पुलिस ने दी दबिश, जुटाए सबूत
चुराह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक हंसराज पर लगे दुष्कर्म के आरोपों के मामले में जांच तेज हो गई है। वीरवार को विधायक महिला थाना चंबा पहुंचे, जहां पुलिस टीम ने उनसे कई सवाल-जवाब किए। सूत्रों के मुताबिक, विधायक का मेडिकल परीक्षण भी पुलिस निगरानी में करवाया गया।
युवती ने आरोप लगाया है कि कुछ माह पूर्व हंसराज उसे चंडीगढ़ स्थित एक फ्लैट में ले गए थे, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी आधार पर पुलिस ने चंडीगढ़ के उस फ्लैट में दबिश दी और वहां से कई साक्ष्य व सबूत जुटाए।
गौरतलब है कि एक वर्ष पहले भी इसी युवती ने विधायक पर अश्लील चैट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे, लेकिन बाद में न्यायालय में बयान बदल लिए थे। हाल ही में युवती ने सोशल मीडिया के ज़रिए दोबारा गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद महिला आयोग और पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस की टीम पूरी निष्पक्षता से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।



