➤ भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति का लगाया आरोप
➤ 5 अगस्त को शिमला में जयराम ठाकुर और राजीव बिंदल के नेतृत्व में प्रदर्शन
➤ 21 अगस्त से शुरू होने वाले मानसून सत्र में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और गारंटियों के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी भाजपा
हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा मानसून सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपना राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को शिमला के होटल मरीना में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में सरकार पर प्रतिशोध की राजनीति, पुलिस-प्रशासन के दुरुपयोग और जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने के आरोप लगाए गए।

बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के सचिव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों, पंचायत प्रतिनिधियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

भाजपा ने इन मुद्दों को लेकर 5 अगस्त को शिमला में बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। रणधीर शर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे सीटीओ चौक से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में विरोध मार्च निकाला जाएगा। इसमें सभी भाजपा विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

बैठक में आगामी 21 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। भाजपा ने निर्णय लिया कि सदन में कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा राहत, कर्मचारियों की लंबित देनदारियां, युवाओं को रोजगार, कांग्रेस की चुनावी गारंटियां और वित्तीय कुप्रबंधन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि हालिया बारिश के दौरान प्रदेश में सड़कों की बदहाली, भूस्खलन, बिजली और पेयजल आपूर्ति की समस्याएं तथा आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर सरकार की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। भाजपा इन सभी विषयों पर सरकार से जवाब मांगेगी।
भाजपा ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और नशा तस्करी को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चिट्टा माफिया लगातार सक्रिय है और सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को भी विधानसभा में मजबूती से उठाएगी।
बैठक में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन, लंबित वित्तीय लाभ, युवाओं को रोजगार देने के वादे और विभिन्न चुनावी गारंटियों को पूरा नहीं किए जाने का मुद्दा भी चर्चा का केंद्र रहा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों को गति देने में असफल रही है और जनता से किए गए कई वादे अब तक अधूरे हैं।
बैठक में भाजपा विधायक दल के सभी प्रमुख सदस्य मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा सड़क से लेकर सदन तक सरकार को जवाबदेह बनाया जाएगा।



