- भाजपा का विधानसभा परिसर में धरना: बजट सत्र से पहले भाजपा विधायकों ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन।
- कानून व्यवस्था पर सवाल: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बोले- प्रदेश में गैंगवार जैसी स्थिति, सरकार असफल।
- पूर्व विधायक पर हमला: होली के दिन बंबर ठाकुर पर गोलीबारी, SIT कर रही जांच।
Himachal Pradesh law and order: हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बजट पेश करने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में धरना प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। राज्य में अपराध और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए हमले का ज़िक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में गैंगवार जैसी स्थिति बन गई है।
जयराम ठाकुर ने पूर्व विधायक बंबर ठाकुर द्वारा भाजपा विधायक त्रिलोक जमवाल पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह समय राजनीतिक बयानबाजी करने का नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल बंबर ठाकुर के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है, लेकिन उन्हें इस मामले में गैर-जरूरी बयान देने से बचना चाहिए।
होली के दिन बिलासपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर अज्ञात शूटरों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। पुलिस के अनुसार, 24-25 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें बंबर ठाकुर और उनके पीएसओ घायल हो गए। बंबर ठाकुर को IGMC शिमला और उनके पीएसओ को एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।
SIT कर रही जांच
पुलिस अब तक इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन पर हमले की रैकी करने का आरोप है, लेकिन गोलीबारी करने वाले चार शूटर अब भी फरार हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, राज्य सरकार ने घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।