Follow Us:

भाजपा को होली से पहले मिलेगा नया राष्ट्रीय अध्यक्ष, जेपी नड्डा नहीं लेंगे दूसरा कार्यकाल

|

BJP President Election 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष होली (14 मार्च) से पहले चुना जाएगा। पार्टी की चुनाव प्रक्रिया मार्च के पहले सप्ताह तक शुरू हो जाएगी। भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में छह महीने के लिए बढ़ाया गया था, लेकिन अब वे खुद दूसरा कार्यकाल नहीं लेना चाहते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा अब दक्षिण भारत के किसी वरिष्ठ नेता को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रही है। जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त होना था, लेकिन लोकसभा चुनाव की तैयारियों के चलते उन्हें छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया था। अब पार्टी किसी नए चेहरे को अध्यक्ष पद सौंपने की तैयारी में है।

2002-2004 के बीच वेंकैया नायडू (आंध्र प्रदेश) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। इसके बाद से अब तक कोई भी दक्षिण भारतीय नेता इस पद तक नहीं पहुंचा है। भाजपा का अब दक्षिण भारत में अपना विस्तार करने पर विशेष फोकस है, इसलिए संभावना है कि इस बार अध्यक्ष पद दक्षिण से किसी नेता को मिले।

भाजपा संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी संभव है जब आधे राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो जाए। फरवरी के अंत तक 18 राज्यों में यह प्रक्रिया पूरी होते ही पार्टी नए अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है।

भाजपा अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्षों का होता है, यानी जो भी नया अध्यक्ष चुना जाएगा, वह जनवरी 2028 तक पद पर रहेगा। चूंकि लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई 2029 में होंगे, इसलिए पार्टी नए अध्यक्ष को चुनाव तक पद पर बनाए रखेगी।

अब तक भाजपा में निर्विरोध होता रहा है चुनाव


भाजपा में अब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव आमतौर पर निर्विरोध ही होता आया है। सिर्फ 2013 में नितिन गडकरी के दोबारा अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया के दौरान यशवंत सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में उन्होंने नाम वापस ले लिया और राजनाथ सिंह को अध्यक्ष बनाया गया था।