Follow Us:

चीन के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता, चीनी सामान का बहिष्कार कर किया जमकर प्रदर्शन

मृत्युंजय पुरी |

धर्मशाला मुख्यालय में सोमवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांगड़ा के अध्यक्ष प्रणव शर्मा के नेतृत्व में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने चीन के खिलाफ नारेबाजी की औऱ साथ ही चीन सरकार का पुतला भी जलाया। इस दौरान देशवासियों से चीन को सबक सिखाने के लिए चीन निर्मित सामान के बहिष्कार का आहवान किया गया।

भाजयुमो अध्यक्ष कांगड़ा ने कहा कि चीन की शुरू से ही विस्तारवादी नीति रही है। इसी के चलते चीन ने गल्वान घाटी में कायरतापूर्ण हरकत की है। चीन के साथ एक हमारा एक समझौता था। जिसके तहत एलएसी के पास हथियार लेकर नहीं जा सकते थे। लेकिन चीनी सैनिक सीमा पर हथियार लेकर आए और हमारी सेना पर कायरतापूर्ण हमला किया, इसमें हमारे कुछ सैनिक शहीद भी हुए, लेकिन हमारी सेना ने बहादुरी के साथ चीनी हमले का जवाब दिया है।

चीन की सरकार समझ जाए कि यह 1962 का भारत नहीं है। जिसे चीन डरा लेगा, यह भारत 2020 का भारत है। जिसका नेतृत्व पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। हमारा भारत न किसी के आगे झुकेगा और न ही किसी से डरेगा। चीन को समझना चाहिए कि हमारी भारतीय सेना बहादुर है और डरने वाली नहीं है। चीन समझ जाए कि अब उसकी विस्तारवाद की नीति नहीं चलेगी। मेरा समस्त देशवासियों से आग्रह है कि भारतीय सेना का साथ देते हुए चीनी सामान का बहिष्कार करें। इससे चीन को सबक सिखाया जा सके।