Follow Us:

Breaking: हमीरपुर में कोरोना संक्रमण के 5 नए मामले, उपमंडलाधिकारियों को संबंधित क्षेत्र सील करने के निर्देश

नवनीत बत्ता |

हिमाचल प्रदेश में कोरोना का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को हमीरपुर जिला में कोरोना के 5 नए मामले सामने आए हैं। इनमें से दो मामले नादौन उपमंडल के गलोड और तीन मामले सुजानपुर क्षेत्र से आए हैं। यह मामले मझोग सुल्तानी, बूणी ( रंगस), गवारड़ू ( टौणी देवी ) और गलोड़ क्षेत्र के नए मामले, दो का संबंध मुंबई से है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीसी हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि जिला में पांच नए कोविड-19 संक्रमित व्यक्तियों की पुष्टि हुई है। इन सभी के नमूने गत 16 मई, 2020 को लिए गए थे, जिनकी रिपोर्ट आज दोपहर बाद प्राप्त हुई है। नादौन उपमंडल की ग्राम पंचायत नौंगी के चौकी राजपूतां गांव का 60 वर्षीय व्यक्ति 12 मई, 2020 को मुंबई से वापस आया था और राजकीय प्राथमिक पाठशाला बूणीं में संस्थागत संगरोध में रखा गया था।

दूसरा गलोड़ तहसील के खुंगल का 47 वर्षीय व्यक्ति 14 मई, 2020 को मुंबई से लौटा था और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कश्मीर में संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में रखा गया था। इसके साथ उसकी पत्नी एवं तीन बच्चे हैं। तीसरा टौणी देवी क्षेत्र के ग्वारड़ू गांव का 54 वर्षीय व्यक्ति 10 मई, 2020 को मुंबई से लौटा था और घर पर ही संगरोध में था। वह टैक्सी चालक है। चौथी 50 वर्षीय महिला टौणी देवी क्षेत्र के रेड़ू पधर गांव की है और 14 मई, 2020 को अपने वाहन से वापस लौटी है।

पांचवा 20 वर्षीय युवक भी पधर गांव का ही है और उपरोक्त महिला का नजदीकी रिश्तेदार है। यह दोनों भी संस्थागत संगरोध सुविधा स्थल में ही रखे गए थे। इन सभी के अन्य प्राथमिक एवं द्वितयिक सम्पर्कों के बारे में जानकारी प्राप्त की जा रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित उपमंडलाधिकारियों (ना.) को इन क्षेत्रों को सील (बंद) करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

इन 5 नए मामलों के आने से हमीरपुर में कोरोना का आंकड़ा 15 पहुंच गया है। जिला में अब 12 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं, प्रदेश भर में अब कोरोना का आंकड़ा बढ़कर 85 पहुंच गया है। प्रदेश में अब कोरोना संक्रमितों के एक्टि केस 38 हो गए हैं।