Follow Us:

हिमाचल विधानसभा सत्र: डॉ. मनमोहन सिंह और किशन कपूर को श्रद्धांजलि, सड़कों की हालत पर उठे सवाल

|

  • हिमाचल विधानसभा सत्र की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व मंत्री किशन कपूर को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई

  • प्रश्नकाल में सड़कों की स्थिति पर चर्चा, उसके बाद सप्लिमेंटरी बजट पर बहस होगी

  • राज्यपाल के अभिभाषण पर तीन दिन तक चर्चा, 17 मार्च को मुख्यमंत्री सुक्खू बजट पेश करेंगे



Himachal Budget 2025 : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरू हुई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि 1991 में राज्यसभा सांसद बनने के बाद डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की आर्थिक नीतियों में क्रांतिकारी बदलाव लाए। उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल में सूचना का अधिकार, मनरेगा, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) और किसानों की ऋण माफी जैसी योजनाएं शुरू हुईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में अटल टनल रोहतांग, नैरचौक और कांगड़ा के मेडिकल कॉलेज, केंद्रीय विश्वविद्यालय और एनएफटी संस्थान भी उनकी देन हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी डॉ. सिंह के योगदान को याद किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री और सांसद किशन कपूर के निधन पर भी शोक जताया और उनके कार्यों की सराहना की। इसके पश्चात प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें सड़कों की खराब स्थिति से जुड़े सवाल उठाए गए।

सप्लिमेंटरी बजट और विधेयक पेश होंगे
प्रश्नकाल के बाद सरकार मौजूदा वित्तीय वर्ष का सप्लिमेंटरी बजट पेश करेगी। बीते साल मुख्यमंत्री सुक्खू ने 58,444 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, लेकिन अब अतिरिक्त खर्च पर चर्चा होगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री सुक्खू सदन में राज्यपाल द्वारा मंजूर किए गए विधेयकों को भी प्रस्तुत करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा
इसके बाद तीन दिनों तक राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा चलेगी। बीते दिन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने डेढ़ घंटे तक अभिभाषण पढ़कर राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाया था। विपक्ष ने इसे कांग्रेस सरकार का “झूठ का पुलिंदा” बताया है और सदन में इसका विरोध करने की तैयारी कर रहा है।

17 मार्च को पेश होगा हिमाचल का बजट
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 मार्च को वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश करेंगे। चार दिन की चर्चा के बाद 26 मार्च को बजट पारित किया जाएगा। बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा।