Follow Us:

BREAKING: सभी रूटों पर बहाल हुई HRTC बसों की सेवाएं

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल आने और यहां से दूसरे राज्यों के लिए जाने वाले मुसाफिरों के लिए खुशखबरी है। रविवार शाम 6 बजे से हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों का सभी रूटों पर संचालन शुरू हो जाएगा। डेरा हिंसा के तीन दिन बाद HRTC की बस सर्विस पूरी तरह बहाल हो पाई हैं। अब हिमाचल रूट की सभी बसें दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तराखंड जा सकेंगी। हालांकि, शनिवार को यात्रियों की मांग पर 50 प्रतिशत रूट बहाल किये गए थे, लेकिन अब पूरी तरह बस सर्विस बहाल कर दी गई है।

समाचार फर्स्ट के साथ बातचीत में हिमाचल प्रदेश के परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि बसों की सर्विस को लेकर हम पहले से तत्पर थे। वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत और स्थिति की पड़ताल करने के बाद सभी रूटों को बहाल करने का फैसला लिया गया है। प्रशासनिक स्तर पर भी हमने पड़ताल की है जिसमें किसी भी ख़तरे की आशंका सामने नहीं आई है।

अब शाम 6 बजे से HRTC की सारी बसें अपने पूर्व-निर्धारित कार्यक्रम के तहत चलनी शुरू हो जाएंगी। ऐसे में उन यात्रियों की अब फजीहत दूर होने वाली है, जो अलग-अलग जगहों पर इन बसों के संचालन नहीं होने से फंसे हुए थे।

गौरतलब है कि यौन शोषण मामले में सुनवाई से पहले HRTC ने फैसला लिया था कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ की ओर कोई भी बस नहीं जाएगी। इसके बाद 26 अगस्त को हालात की समीक्षा करने के बाद परिवहन मंत्री तथा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने बसों के 50 फीसदी संचालन का फैसला लिया था।