Follow Us:

कनाडा भेजने के नाम पर 25 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

कनाडा भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी
बालूगंज थाने में मामला दर्ज, विशेष टीम ने की कार्रवाई
खरड़ के फ्लैट से आरोपी महिला गिरफ्तार


राजधानी शिमला में विदेश भेजने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कबूतरबाजी और वीजा ठगी के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित परिवार की सदस्य भावना को कनाडा भेजने का झांसा देकर आरोपियों ने उससे लगभग ₹25,00,000 की राशि हड़प ली।

मामले की शिकायत पुलिस थाना बालुगंज में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कनाडा का वीजा लगवाने और विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाकर रकम ऐंठी। जब लंबे समय तक न वीजा लगा और न ही कोई प्रक्रिया आगे बढ़ी, तब परिवार को ठगी का एहसास हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और आरोपियों की तलाश में पंजाब और हरियाणा में टीमें रवाना कीं। 22 फरवरी को गठित विशेष टीम ने शिवालिक सिटी में दबिश देकर एक फ्लैट से आरोपी महिला मंजू कुमारी को गिरफ्तार किया। आरोपी ठिकाने बदल-बदलकर छिप रही थी और मोबाइल सिम बदलने के साथ केवल व्हाट्सएप कॉल के जरिये संपर्क में रहती थी, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।

पुलिस आरोपी महिला को गिरफ्तार कर शिमला ले आई है। मामले की गहन जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस जालसाजी में और कौन-कौन शामिल है।

इस संबंध में 21 नवंबर 2025 को बालूगंज थाने में धारा 318(4), 61(2), 352(2) बीएनएस तथा 420, 120-बी, 506 भादंसं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामलों में लोग सतर्क रहें और किसी भी एजेंट को बड़ी रकम देने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें।