Follow Us:

CBSE ने जारी की 2026 बोर्ड परीक्षाओं की संभावित डेटशीट, जानें बड़ा अपडेट

CBSE बोर्ड परीक्षा 2026 की संभावित डेटशीट घोषित
17 फरवरी से 15 जुलाई 2026 तक होंगी परीक्षाएं
देश-विदेश में 45 लाख से अधिक छात्र होंगे शामिल


केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने साल 2026 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का संभावित शैडयूल जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से 15 जुलाई 2026 तक चलेंगी। इस दौरान मुख्य परीक्षाओं के अलावा खेल छात्रों के लिए विशेष परीक्षाएं, कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा और कक्षा 12वीं की पूरक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

संभावित डेटशीट के अनुसार, कक्षा 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी से 6 मार्च 2026 तक होगी। वहीं, कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 1 जून 2026 तक चलेगी। इसके अलावा कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई हैं।

बोर्ड ने जानकारी दी कि इस बार करीब 45 लाख छात्र-छात्राएं भारत और विदेशों से इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। भारत में 204 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 26 विदेशी देशों में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। हालांकि बोर्ड ने साफ किया है कि यह अस्थायी तिथि-पत्र है और स्कूलों से छात्रों की अंतिम सूची प्राप्त होने के बाद अंतिम शेड्यूल जारी किया जाएगा।

परीक्षाओं के बाद मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर भी बोर्ड ने बड़ा बदलाव किया है। प्रत्येक विषय की परीक्षा के लगभग 10 दिन बाद मूल्यांकन कार्य शुरू होगा और इसे 12 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उदाहरण के लिए यदि कक्षा 12वीं की भौतिकी की परीक्षा 20 फरवरी को होगी, तो मूल्यांकन 3 मार्च से 15 मार्च तक संपन्न हो जाएगा।

यह कदम छात्रों के लिए समयबद्ध परीक्षा और परिणाम प्रणाली सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। CBSE ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस संभावित शेड्यूल को ध्यान में रखकर अपनी तैयारी और प्रैक्टिकल कार्य को पूरा करें ताकि किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।