➤ 134 सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों के लिए 5,623 पदों पर स्क्रीनिंग टेस्ट
➤ केवल सेवारत पात्र शिक्षकों के लिए ऑनलाइन आवेदन, फीस 500 रुपये
➤ परीक्षा 22 मार्च को, मेरिट सूची बोर्ड बनाएगा, तैनाती का अधिकार निदेशालय के पास
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के माध्यम से सीबीएसई से संबद्ध 134 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई सब कैडर के लिए 5,623 पदों पर स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा केवल उन सेवारत शिक्षकों के लिए होगी, जो लागू भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और पात्रता शर्तें पूरी करते हैं।
बोर्ड की भूमिका केवल स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित करने, पदवार मेरिट सूची तैयार करने और परिणाम घोषित करने तक सीमित रहेगी। जबकि पात्रता निर्धारण, प्रतिनियुक्ति, पदस्थापन और सेवा संबंधी सभी विषय स्कूल शिक्षा निदेशालय के अधिकार क्षेत्र में रहेंगे।
इस परीक्षा के लिए पात्र उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विस्तृत निर्देश, पात्रता मानदंड और नियमों सहित प्रॉस्पेक्टस अधिसूचना के साथ जारी किया गया है। आवेदन का लिंक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध है।
स्क्रीनिंग टेस्ट शेड्यूल
-
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 11 फरवरी
-
अंतिम तिथि: 24 फरवरी
-
लेट फीस (600 रुपये) के साथ आवेदन: 25 से 27 फरवरी
-
आवेदन में सुधार: 28 फरवरी से 1 मार्च
-
स्क्रीनिंग टेस्ट तिथि: 22 मार्च (रविवार)
-
परीक्षा शुल्क: 500 रुपये
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन माध्यम से, निर्धारित शुल्क के सफल भुगतान के बाद ही आवेदन मान्य होगा। अन्य किसी माध्यम से भेजे गए या अपूर्ण आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे। आवेदन करने मात्र से परीक्षा, चयन या प्रतिनियुक्ति का अधिकार प्राप्त नहीं होगा। अंतिम चयन मेरिट, दस्तावेज सत्यापन, पद उपलब्धता और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति पर निर्भर करेगा।
उम्मीदवारों को एक बार आवेदन में त्रुटि सुधार का अवसर निर्धारित अवधि में दिया जाएगा। किसी भी जानकारी के लिए बोर्ड हेल्पलाइन 01892-242192 पर कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।



