Follow Us:

जन्मभूमि का दुख बांटने मनाली से सरकाघाट पहुंचे चमन कपूर

डेस्क |

कुल्लू जिला को अपनी कर्मभूमि बना चुके मंडी जिला के सरकाघाट निवासी चमन कपूर ने आपदा प्रभावितों को 15 लाख के टैंट और 3 लाख की राहत राशि वितरित की। बता दें कि मूलतः सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के गोपालपुर के रहने वाले चमन कपूर नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष हैं और मौजूदा समय में नगर निकाय अध्यक्ष/उपाध्यक्ष फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
चमन कपूर ने लोगों की मदद के लिए हिमालया पुत्र के नाम से एक ट्रस्ट भी चला रखा है। आज इसी ट्रस्ट के माध्यम से सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के 100 प्रभावितों को राहत बांटी गई। इस मौके पर सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर भी मौजूद रहे। चमन कपूर ने बताया कि बीते दिनों कुल्लू-मनाली में आई आपदा के दौरान भी वहां पर लोगों के लिए यथासंभव मदद की गई थी। उसके बाद जब मंडी जिला में यह आपदा आई तो यहां प्रभावितों की मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रभावित परिवारों को 15 हजार की कीमत वाले टैंट बांटे गए हैं। यह वे टैंट हैं जिन्हें सेना इस्तेमाल करती है। लोग इन टैंटों को लगाकर इसमें 8 से 10 लोग आराम से रह सकते हैं। यह पूरी तरह से वाटरप्रूफ और एयरप्रूफ हैं। बहुत से लोगों को अपनी तरह से रहने की आदत होती है लेकिन अब मजबूरी में उन्हें स्कूल में सभी के साथ रहना पड़ रहा है।
लोग अपनी सुविधा के अनुसार रह सकें, इसी बात को ध्यान में रखते हुए यह टैंट बांटे गए हैं। इस पुनीत कार्य में रोटरी क्लब मनाली और मेक माई ट्रिप की तरफ से भी पूरा सहयोग मिला है। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि उनके आशियाने फिर से बसाने में भी यथासंभव मदद की जाएगी। इसके बाद आनी में भी प्रभावितों को इसी प्रकार के टैंट बांटे जाएंगे। इस मौके पर सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर ने इस पुनीत कार्य के लिए चमन कपूर और उनके साथ आए हुए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावितों की मदद करे और उन्हें जमीन उपलब्ध करवाने के साथ घर भी बनाकर दे।