Follow Us:

चंबा मेडिकल कॉलेज गेट पर आउटसोर्स कर्मचारियों का धरना, चक्का जाम, जानें

चंबा मेडिकल कॉलेज गेट के बाहर आउटसोर्स कर्मचारियों का धरना, चक्का जाम
डॉक्टर से अभद्रता और सिक्योरिटी गार्ड्स से मारपीट के विरोध में प्रदर्शन
सड़क जाम से वाहनों की आवाजाही प्रभावित, पुलिस मौके पर तैनात


 हिमाचल प्रदेश के चंबा मेडिकल कॉलेज में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब आउटसोर्स कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने कॉलेज गेट के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। यह प्रदर्शन बीती रात हुई कथित मारपीट और डॉक्टर के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध में किया गया।

सुरक्षा कर्मचारियों के अनुसार, मंगलवार देर रात एक मरीज के कुछ रिश्तेदारों ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ पहले अभद्र व्यवहार किया। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ मारपीट भी की। कर्मचारियों का कहना है कि आरोपियों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ करने की भी कोशिश की, जिससे स्टाफ में रोष फैल गया।

घटना के विरोध में बुधवार सुबह आउटसोर्स कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज चंबा के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया और सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते प्रदर्शन तेज हो गया और सुरक्षा कर्मियों के समर्थन में मेडिकल कॉलेज का अन्य स्टाफ भी उनके साथ शामिल हो गया।

सड़क जाम होने से मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए। खासकर बालू मार्ग से आने वाले बाइक सवारों और छोटे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने में भी दिक्कतें हुईं।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त नहीं किया था और चक्का जाम जारी रहा।

मामले ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों की मांग है कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों व सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।