Follow Us:

खाई में गिरी कार, शिक्षिका की मौत; पति, दो बच्चे और भाभी गंभीर

  • चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह शल्यूंड नाले के समीप एक अनियंत्रित कार के गहरी खाई में गिरने से एक दर्दनाक हादसा पेश आया

  • हादसे में बणी गांव निवासी 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनके पति, दो बच्चे और एक अन्य महिला घायल हो गए

  • गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय बेटे को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है और पुलिस हादसे की जांच में जुटी है

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चंबा-संघणी मार्ग पर रविवार सुबह करीब 11 बजे शल्यूंड नाले के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार 33 वर्षीय अध्यापिका पुनीता देवी की मौत हो गई, जबकि उनके पति, छह वर्षीय बेटी, तीन वर्षीय बेटा और परिवार की एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल सलूणी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अध्यापिका पुनीता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चल रहे तीन वर्षीय बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका पुनीता देवी पत्नी हरिंद्र कुमार बणी गांव (पंचायत सलूणी) की रहने वाली थीं और टिकरू स्कूल में अध्यापिका के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। उनके पति हरिंद्र कुमार (38) सलूणी कॉलेज में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। यह पूरा परिवार रविवार सुबह अपनी निजी कार में बणी गांव से सलूणी की तरफ जा रहा था, तभी शल्यूंड नाले के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अध्यापिका के पति हरिंद्र कुमार, छह वर्षीय बेटी शानवी, तीन वर्षीय बेटा समर्थ और हरिंद्र की भाभी रेखा (56 वर्ष) घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों का हाल जानने के साथ ही इस दुर्घटना के असल कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है।