Follow Us:

चंबा में सातवीं की छात्रा ने रावी नदी में लगाई छ-लांग, अस्पताल में …

चंबा में सातवीं कक्षा की छात्रा ने रावी नदी में लगाई छलांग, अस्पताल में मौत
परीक्षा देकर घर लौटते समय नदी किनारे पहुंची और अचानक उठा लिया यह कदम
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, कारणों की पड़ताल जारी



चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा शहर के लोअर जुलाहकड़ी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने रावी नदी में छलांग लगा दी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है

प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा बुधवार को शहर के एक निजी स्कूल में परीक्षा देकर घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि घर जाने के बजाय वह रावी नदी की ओर चली गई। नदी किनारे पहुंचते ही उसने अचानक नदी में छलांग लगा दी, जिससे आसपास मौजूद लोग सकते में आ गए।

घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।

काफी प्रयासों के बाद लोगों और बचाव दल ने छात्रा को नदी से बेसुध हालत में बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया और उनके बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं।

इस मामले में पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई दर्ज की है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्रा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया

पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।