➤ चंबा के चुराह क्षेत्र में युवक की बेरहमी से हत्या, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
➤ परिजनों का चंबा-तीसा सड़क पर भारी प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग
➤ मृतक हरविन्द्र सिंह के पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
शिमला के बाद अब चंबा जिले में हुई एक युवक की सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। चुराह क्षेत्र के राख मलोगा गांव के रहने वाले 25 वर्षीय हरविन्द्र सिंह का शव रविवार सुबह कल्हेल पुल के नीचे मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए प्रदर्शन किया। लोगों के भारी विरोध के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों को दबोचा और वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की पत्नी मंजू ने बताया कि शनिवार शाम उनकी हरविन्द्र से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी और वे बिल्कुल ठीक थे। अगली सुबह उनके शव के मिलने की खबर ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। वर्ष 2021 में हुई शादी के बाद अब पीछे दो छोटे बच्चे और पत्नी का सहारा छिन गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के सही कारणों का पता लगाने के लिए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है और उन्हें आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।



