प्रदेश सरकार के प्रयासों के तहत पवन हंस कंपनी 28 फरवरी से अपनी नियमित हेली टैक्सी सेवाएं शिमला से शुरू कर देगा। यह बात पवन हंस कंपनी के हिमाचल प्रभारी डॉ. विपुल वैद ने बुधवार को गगल एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कही। उन्होंने कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 28 फरवरी को हरी झंडी दिखाकर हेलीकॉप्टर को कुल्लू के लिए रवाना करेंगे और पहली मार्च को विमान नियमित रूप से गगल आएगा।
शेड्यूल के बारे में कंपनी के प्रभारी वैद ने बताया सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार को हैलीकप्टर 11 बजे शिमला से गगल आया करेगा। मंगलवार, वीरवार और शनिवार शिमला से कुल्लू जाया करेगा। प्रभारी ने बताया कि आज कार्यालय स्थापित करने के लिए गगल एयरपोर्ट पर जगह चयनित कर ली गई है और आने वाले एक या दो दिन में यहां पर पूरा सेटअप स्थापित कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिमला से कुल्लू के लिए 2500 रुपये प्रति व्यक्ति। गगल से चंडीगढ़ के लिए 4700 रुपये प्रति व्यक्ति और गगल से शिमला के लिए 2500 रुपये प्रति व्यक्ति किराया तय किया गया है जिसका लाभ प्रदेश के लोगों को मिलने वाला है।



