Follow Us:

युकां अध्‍यक्ष की ताजपोशी, कांग्रेस दिखी एकजुट

Himachal Youth Congress Leadership: हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने आज राजीव भवन में अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर कांग्रेस एकजुट दिखी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एक मंच पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि 27 साल पहले वे स्वयं युवा कांग्रेस के अध्यक्ष थे और तब से लेकर मुख्यमंत्री बनने तक का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश की राजनीति को समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच प्रदान करती है।

सरकार देगी 25 हजार सरकारी नौकरियां


सीएम ने इस अवसर पर युवाओं को रोजगार देने के बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अगले एक वर्ष में 25,000 सरकारी नौकरियां देने जा रही है। उन्होंने बताया कि 2061 वन मित्रों की भर्ती पूरी हो चुकी है और पुलिस भर्ती प्रक्रिया मंडी से शुरू हो चुकी है। इसके अलावा सरकार स्टार्टअप्स और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं ला रही है।

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रदेश की राजनीति को समझने का मौक़ा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे बढ़ रही है, जिसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
  • युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का अध्ययन करें क्योंकि यह आम लोगों से जुड़ी हैं। राज्य सरकार ने आम लोगों के हित के विरुद्ध कोई फ़ैसला नहीं लिया। लेकिन पिछली डबल ईंजन की सरकार ने 75 हज़ार करोड़ का कर्ज और कर्मचारियों की 10 हज़ार करोड़ की देनदारियां छोड़ कर गई।
  • पुराने क़ानूनों को बदल रहे हैं और आने वाले समय में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार के ख़ज़ाने का 70 प्रतिशत कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और पुराने कर्ज़ के मूलधन और ब्याज़ पर खर्च हो रहा है लेकिन इसके बावजूद आम लोगों से जुड़ी योजनाएं ला रही है।

 

कांग्रेस ही समझती है युवाओं की भावनाएं


सीएम ने कहा कि केवल कांग्रेस सरकार ही युवाओं की भावनाओं को समझती है और उनके हित में फैसले लेती है। उन्होंने कहा कि पिछली डबल इंजन सरकार 75,000 करोड़ का कर्ज और कर्मचारियों के 10,000 करोड़ की देनदारियां छोड़कर गई थी। इसके बावजूद कांग्रेस सरकार युवाओं और आम जनता के लिए नई योजनाएं लेकर आ रही है।

युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की अपील


हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भारतीयों को हथकड़ी लगाकर डिपोर्ट करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए जुटें। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस की नई टीम का इंतज़ार था, जो आज पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी संगठन को मज़बूत करने में अपना योगदान दें और दिन रात काम करें। सभी कार्यकर्ता पार्टी के निर्देशों की पालना करें। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान काफ़ी काम किया और कांग्रेस की सरकार बनाने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। इसी लगन के साथ कार्य करें ताकि कांग्रेस सरकार वर्ष 2027 में एक बार फिर सत्ता में आ सके।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु छिब ने कहा कि युवा कांग्रेस का चुनाव एक मंच प्रदान करता है लेकिन अब संगठन का काम और सरकार की नीतियों तक पहुंचाना अब आपकी ज़िम्मेदारी है। जो पार्टी का काम करेगा, उसे पार्टी में उतना मान-सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका से भारतीयों को हथकड़ियाँ बाँध कर डिपोर्ट किया गया लेकिन मोदी सरकार ने मीडिया तक को जाने से रोका गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अपनी नाकामी छुपा रही है।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार पारदर्शिता के माध्यम से युवा कांग्रेस के चुनाव हुए हैं, जिसके लिए सभी को बधाई है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी चुनकर आए हैं, इसलिए उनके कंधों पर बहुत ज्यादा ज़िम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू युवा कांग्रेस से निकलकर ही यहाँ तक पहुँचे हैं तथा वह दिन-रात युवाओं की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक मज़बूत सरकार काम कर रही है, इसलिए सरकार और लोगों के बीच युवा कांग्रेस को एक सेतु के रूप में कार्य करना है। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुटता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कड़वे फ़ैसले ले रही है, जिसके आने वाले समय में सकारात्मक परिणाम सामने आएँगे और हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष छतर सिंह ने कहा कि संगठन ने उन्हें अध्यक्ष पद पर काम करने का मौक़ा मिला, जिसके लिए उन्होंने सभी वोटरों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आने वाले समय में नशे के खिलाफ, पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मुहिम छेड़ेगी।