Follow Us:

मुख्यमंत्री ने वन अग्नि रोकथाम और नियन्त्रण जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखा रवाना किया

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज यहां ओक ओवर से चार वन अग्नि रोकथाम और नियन्त्रण जागरूकता वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जगंलों की आग से वन संपदा और वन्य जीवन को भारी नुकसान होता है।

इससे निपटने के प्रशासनिक और तकनीकी उपायों को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जगंलों में अधिकतर आग की घटनाएं मनुष्य की गलतियों के कारण होती हैं। आग की घटनाओं को नियन्त्रित करने के लिए आम लोगों और स्थानीय समुदायों की जन सहभागीता बहुत जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वनों की आग से निपटने के लिए स्थानीय जनता को जागरूक करना आवश्यक है। लोगों को जंगलों की आग के विषय में जागरूक करने के लिए विभिन्न वन खंडों के पांच संवेदनशील क्षेत्रों में 20 मार्च, 2020 तक अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न भागों में आम लोगों को इस अभियान के अन्तर्गत प्रदर्शनी, वार्ता और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वनों को आग से बचाने और नियन्त्रित करने लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आग्रह किया ताकि प्रदेश की बहुमूल्य वन संपदा को आग से बचाया जा सके।