हिमाचल

मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए चार विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर की नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए चार विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने नादौन शहर के लिए चौबीस घंटे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 44.66 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली परियोजना का शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के निर्माण कार्य इस वर्ष गर्मियों से पहले पूरा कर लिया जाएगा, जिससे नगर पंचायत नादौन के सभी सात वार्डों के निवासियों को चौबीस घंटे पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में अत्याधुनिक यूवी फिल्टर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 43.06 करोड़ रुपए की लागत से नादौन में बनने वाले हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल का शिलान्यास भी किया, जिसे जुलाई 2025 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह होटल पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री ने गगाल में 6.54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तथा जलाड़ी में 14.02 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मॉडल करियर एवं स्किल सेंटर की आधारशिला भी रखी। स्किल सेंटर जून, 2025 तक बनकर तैयार कर लिया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हिमाचल विरोधी दृष्टिकोण से कार्य कर रही है और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी सांसद हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावितों के लिए आर्थिक मदद मांगने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा अन्य केंद्रीय नेताओं से नहीं मिला।

यही नहीं, प्रदेश सरकार ने नियमानुसार लगभग 9700 करोड़ रुपए के दावे केंद्र सरकार को भेजे हैं, जो हिमाचल प्रदेश को दिसम्बर माह में मिलना चाहिए थे, लेकिन भाजपा नेता इस धनराशि को जारी करने में रोड़े अटका रहे हैं।

उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली आर्थिक मदद में अड़ंगा न डालंे तथा केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता मिलने के झूठे दावे भी न करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश को आपदा के संबंध में अगर कोई विशेष आर्थिक पैकेज दिया है, तो भाजपा नेता उसकी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए जब विधानसभा में प्रस्ताव लाया गया तो भाजपा के विधायकों ने उसका विरोध किया और भाजपा नेता आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी नहीं हुई।

मंत्रियों को विभाग आवंटित करने के सवाल पर ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नए बनाए गए मंत्रियों को विभाग सौंप दिए गए हैं तथा जिन मंत्रियों से विभाग लिए गए हैं, उन्हें उनके मौजूदा विभागों के अनुसार नए बनाए जा रहे विभाग दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभागों का पुनर्गठन करने जा रही है तथा आने वाले समय में कुछ नए विभाग बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन्फ्रास्ट्रक्चर विभाग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग बनाए जाएंगे ताकि निर्णय लेने में आसानी हो सके और राज्य सरकार का कामकाज सुचारू रूप से चल सके।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के उपक्रम वाटर सेस का विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही बीबीएमबी के 4300 करोड़ रुपए केंद्र सरकार के पास फंसे हैं, जिसे केंद्र सरकार जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि लुहरी, सुन्नी तथा धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश के हितों का ध्यान नहीं रखा गया और प्रदेश के हितों को पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेचा गया।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सेरा विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।

Kritika

Recent Posts

लेह-दिल्ली रूट पर एचआरटीसी की बस सेवा बंद, जून 2025 तक बहाल होगा रूट

  अब यात्रियों को मनाली-केलांग-लेह के बीच टैक्सियों में मंहगा सफर करना पड़ेगा Shimla :एचआरटीसी…

2 hours ago

चिकन की दुकानों में स्वच्छता के नियम दरकिनार

  Hamirpur:जिला खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा किए गए चिकन की दुकानों के निरीक्षण में स्वच्छता…

3 hours ago

रैगिंग के आरोपी विद्यार्थी की बिना वारंट के होगी गिरफ्तारी, हो सकती है तीन साल की सजा

  Hamirpur:होटल प्रंबधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर की एंटी रैगिंग समिति की बैठक वीरवार को संस्थान…

3 hours ago

कोट और मटाहणी स्कूल की छात्राओं को समझाया तनाव प्रबंधन

  Hamirpur: महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट…

3 hours ago

लक्ष्य तय करें और उसके लिए कड़ी मेहनत करें

एसडीएम संजय स्वरूप ने बाहनवीं स्कूल के विद्यार्थियों को दी नसीहत महिला एवं बाल विकास…

3 hours ago

Nahan: NSUI ने दिल्ली गेट के समीप फूंका मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का पुतला

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी के मंत्री ने की थी बयान बाजी मंत्री…

5 hours ago