Follow Us:

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भूटान के प्रतिनिधियों को दिए चिल्गोज़ा के पौधे

भूटान को भेजे गए 5000 चिलगोजा पौधे
अर्की अग्निकांड पर जताया दुख
पंचायत चुनाव फैसले का अध्ययन जारी


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के वन संसाधनों के बेहतर उपयोग और आय के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला सचिवालय से भूटान के लिए 5000 चिलगोजा पौधों से भरे ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल हिमाचल प्रदेश वन विभाग और भूटान सरकार के बीच हुए एक समझौते के तहत की गई है।

इस समझौते के अनुसार भूटान को 5000 चिलगोजा पौधे भेजे गए हैं, जिसके बदले भूटान सरकार ने 5 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए हैं। इसके अलावा 50 किलो चिलगोजा बीज भी भूटान भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वन विभाग अपने संसाधनों के माध्यम से आय सृजन की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों का व्यावसायिक उपयोग कर सरकार के राजस्व के साधन बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग की इस पहल को राज्य के लिए लाभकारी बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अर्की में हुई भीषण आगजनी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हादसे में एक बच्ची का शव बरामद हुआ है, जबकि 8 से 9 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर NDRF, SDRF और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करवाएगी और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से पूरा किया जाएगा।

इसके अलावा पंचायत चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले का अध्ययन किया जा रहा है और सरकार हर विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने संकेत दिए कि सरकार अप्रैल या मई महीने में पंचायत चुनाव करवाने की तैयारी में पहले से ही जुटी हुई है।