-
चुराह भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप, कांग्रेस नेता ने दागे सवाल
-
लड़की के पिता का दावा – “डरा धमकाकर बयान बदलवाए गए”
-
महिला आयोग ने तलब की रिपोर्ट, निष्पक्ष जांच की मांग
चंबा। चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। एक ओर महिला आयोग हिमाचल प्रदेश ने इस मामले में एसपी चंबा से रिपोर्ट तलब की है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के युवा नेता यशवंत सिंह खन्ना ने भाजपा विधायक पर कई सवाल उठाए हैं।
पत्रकार वार्ता के दौरान यशवंत सिंह खन्ना ने कहा कि यह मामला केवल एक लड़की का नहीं बल्कि हर बेटी की सुरक्षा का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र की एक बेटी ने विधायक के खिलाफ एक साल पहले एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसके बाद जब उसने तीसा कोर्ट में अपना बयान दिया, तो उसे और उसके पिता को उठाकर शिमला ले जाया गया, जहाँ डराया-धमकाया गया और बयान बदलवाए गए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अब बेटी फेसबुक लाइव आकर अपनी आपबीती बता रही है, जिससे यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन को चाहिए कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाए ताकि सच सामने आ सके।
यशवंत सिंह खन्ना, जो 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी भी रहे थे, ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डीजीपी हिमाचल, महिला आयोग और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही इस मुद्दे को प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुँचाया जाएगा।
वहीं, पीड़ित लड़की के पिता ताज मोहम्मद ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटी ने विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, तब उसे तीसा कोर्ट ले जाया गया जहाँ उसने बयान दिए। जैसे ही वे बाहर निकले, विधायक के लोग उन्हें गाड़ी में उठाकर शिमला-बद्दी ले गए और धमकाया कि “अगर बोले तो घर जला देंगे।”
पिता ने आरोप लगाया कि विधायक की पत्नी भी धमकी देती रही कि “2027 में भाजपा की सरकार बनेगी तो मेरा पति मंत्री बनेगा, और पहला निशाना तुम्हारी बेटी होगी।” ताज मोहम्मद ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।



