Follow Us:

CM ने वीडियों कॉन्फ्रेंसिग के जरिए नाहन को दी 145 करोड़ की सौगात, बिंदल ने जताया आभार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज शिमला से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 145 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। इनमें 13 उद्धाटन और 10 शिलान्यास  किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गिरी जल आपूर्ति योजना से नाहन क्षेत्र के लोगों को बेहतर जल आपूर्ति सुविधा प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल के समर्पित और प्रतिबद्ध प्रयासों को जाता है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिन्दल ने नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं को समर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र को राज्य का एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने में विकासात्मक परियोजनाएं सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने नाहन मेडिकल कॉलेज को सुदृढ़ करने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, जो कोविड-19 महामारी में क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री द्वारा पुलों का शुभारम्भ किए जाने से क्षेत्र की रोड कनैक्टिविटी सुदृढ़ होगी।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हमें कोविड-19 महामारी के प्रति और सक्रिय रहने की आवश्यकता है और राज्य सरकार किसी भी प्रकार की संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। संक्रमण के नियंत्रण के लिए प्रदेश के लोगों के सक्रिय सहयोग की भी आवश्यकता है। वहीं, विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता इस कोरोना की स्थिति पर भी राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस नेता सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करते हुए राजनीतिक रैली और धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के लोग कांग्रेस नेताओं के नापाक इरादों से अनभिज्ञ नहीं है और वर्ष 2022 में उन्हें इसका जवाब मिल जाएगा।