Follow Us:

CM ने ऊना जिला में मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल का किया लोकार्पण, 1 महीने में हुआ तैयार

|

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल तरीके से ऊना जिला के पंडोगा में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने कहा कि 140 बिस्तर क्षमता का यह मेकशिफ्ट कोविड-19 अस्पताल कोरोना रोगियों को उनके घरों के निकट बेहतर उपचार प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। इस अस्पताल का निर्माण एक महीने के रिकॉर्ड समय में पूर्ण किया गया है। यह अस्पताल कोविड मरीजों को निर्बाध रूप से ऑक्सीजन की आपूर्ति करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। राज्य सरकार ने ऑक्सीजन की भंडारण क्षमता में 26 मीट्रिक टन से अधिक की वृद्धि की है और 8 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों को कार्यशील किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 12 नए पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएसआर के तहत श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक मंडी, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा और डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में भी तीन ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि नेस्ले इंडिया लिमिटेड द्वारा नागरिक अस्पताल पल्कवाहा में 500 एलपीएम क्षमता का एक अन्य पीएसए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इससे पहले प्रदेश का एकमात्र ऑक्सीजन संयंत्र आईजीएमसी शिमला में था, जबकि आज राज्य में चिकित्सा ऑक्सीजन आपूर्ति में लगभग आत्मनिर्भर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने का प्रयास कर रही है। राज्य सरकार यह भी सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश में टीकाकरण अभियान भी सुचारू रूप से चले। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश के उन कुछ राज्यों में से एक है, जिसमें वैक्सीन बर्बादी शून्य है। प्रदेश में अब तक लोगों को 24.23 लाख वैक्सीन की खुराकें प्रदान की जा चुकी हैं।

वहीं, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए अपने संसदीय क्षेत्र में मेकशिफ्ट अस्पताल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश ने स्वास्थ्य अधोसंरचना को बढ़ाने में सफलता हासिल की है। अस्पतालों में बिस्तर क्षमता को लगभग 1200 से बढ़ाकर 5000 से अधिक कर दिया गया है। आगामी पीएसए संयंत्रों पर तेजी से कार्य कर इन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस शासित प्रदेशों पंजाब और राजस्थान में वैक्सीन की खुराकें बर्बाद हो रही हैं।