➤ 145 करोड़ की लागत से बन रहा आधुनिक हिमाचल निकेतन
➤ 107 कमरों सहित बैंक्वेट, डॉर्मिटरी और ईवी चार्जिंग जैसी सुविधाएं
➤ मुख्यमंत्री ने छह माह में निर्माण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली के द्वारका स्थित हिमाचल निकेतन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन का निर्माण कार्य अगले छह माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन में कुल 107 कमरे, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, मीटिंग हॉल, डॉर्मिटरी, पार्किंग, गार्डन और ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह हिमाचल निकेतन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली आने वाले हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगा। विशेष रूप से उपचार, शिक्षा और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को यहां उच्च स्तरीय और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की आवश्यकताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रदेश से बाहर रहने वाले लोगों को भी हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में मरीज और विद्यार्थी दिल्ली आते हैं और हिमाचल निकेतन उनके लिए सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक आवास साबित होगा।
प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग देवेश कुमार ने मुख्यमंत्री को परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार, प्रमुख आवासीय आयुक्त अजय यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी कर्नल (सेवानिवृत्त) के.एस. बांश्टू तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



