Follow Us:

बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार वचनबद्धः मुख्यमंत्री

पी. चंद, शिमला |

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मना रहा है और हम सभी उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हैं, ताकि वे कई वर्षों तक देश का मार्गदर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि अन्य नेताओं के विपरीत, प्रधान मंत्री देश के लोगों के साथ-साथ जन्मदिन मना रहे है। प्रदेश और देशभर में अनेक कार्यक्रम, निशुल्क स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को उनके घरद्वार के पास गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना राज्य सरकार का मुख्य उदेदश्य है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर आज यहां चमियाना में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित निशुल्क बहु विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के शुभारम्भ के उपरांत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लोगों की शिकायतों का उनके घरद्वार के निकट समाधान सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से जनमंच शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर घर के लिए रसोई गैस सिलेंडर व चूल्हा प्रदान करने के उद्देश्य से हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र से राज्य के विकास के लिए उदार वित्तीय सहायता प्राप्त हो रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के लोगों के सहयोग व उदारता के कारण वर्तमान सरकार को हिमाचल प्रदेश में सरकार के गठन का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के विकास के एकमात्र उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश को हर क्षेत्र में विकास के शिखर पर लाना चाहती है।