Follow Us:

चाय, मूँगफली और समस्याओं का समाधान: धर्मशाला में दिखा सुक्खू का नया अंदाज

CM Sukhu and RS Bali in Dharamshala: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मशाला के कचहरी चौक पर बुधवार शाम को चाय की चुस्कियाँ लेते हुए स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट रैंक आरएस बाली भी मौजूद रहे। सीएम ने एक आम आदमी की तरह लोगों से बातचीत की और उनके जीवन के संघर्षों को समझने का प्रयास किया।

सीएम सबसे पहले एक रेहड़ी पर गए, जहाँ उन्होंने 50 रुपये की मूँगफली खरीदी और रेहड़ी मालिक रमेश चंद से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में पूछा। रमेश ने बताया कि वे पालमपुर के पास चाँदपुर के निवासी हैं और 1990 से इस रेहड़ी के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके संघर्ष की सराहना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री और आरएस बाली पास की एक सब्ज़ी की दुकान पर गए, जहाँ सीएम ने 500 रुपये में पपीते और संतरे खरीदे। दुकान मालिक अमरजोत ने बताया कि वह अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मेहनत कर रही हैं। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उन पर है। अमरजोत की छोटी बहन पास में जूस की दुकान चलाती हैं।

चाय की चुस्कियों के बीच मुख्यमंत्री ने मेहनती परिवारों की तारीफ की और कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के वंचित वर्गों के लिए कई योजनाएं चलाई हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।