➤ हिमाचल में अधिकारियों–कर्मचारियों के लिए नई तबादला नीति बनाने की घोषणा
➤प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी जानकारी
➤पूर्व सरकार की नीति फिलहाल लागू, नई व्यवस्था जल्द
धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में सोमवार को शीतकालीन सत्र के प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश की तबादला नीति पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। भाजपा विधायक लोकेंद्र कुमार द्वारा पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट कहा कि हिमाचल में अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए नई ट्रांसफर नीति जल्द लागू की जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में पूर्व सरकार द्वारा बनाई गई नीति ही लागू है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ट्रांसफर व्यवस्था में व्यवस्था परिवर्तन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सवाल व्यापक है और इससे जुड़े सभी आंकड़े व विवरण एकत्र किए जा रहे हैं।
विधायक ने पूछा था कि वर्तमान ट्रांसफर नीति क्या है, किन मानदंडों पर तबादले किए जाते हैं, और आपसी सहमति से हुए तबादलों की संख्या क्या है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में आंकड़े संकलित होने के बाद विधानसभा को उपलब्ध कराए जाएंगे।
इससे पहले प्रश्नकाल शुरू होते ही नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने अन्य मुद्दे उठाने की अनुमति मांगी, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उन्हें आश्वस्त किया कि प्रश्नकाल के बाद समय दिया जाएगा। थोड़े से गतिरोध के बाद कार्यवाही सुचारू रूप से आगे बढ़ी।



