-
मुख्यमंत्री सुक्खू पहुंचे केसीसी बैंक चेयरमैन के बेटे की शादी में, नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद
-
17 मार्च को पेश होगा हिमाचल प्रदेश का बजट, तैयारियां जोरों पर
-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर बोले सीएम – प्रतिभा सिंह ही हैं अध्यक्ष, जल्द बनेगी कार्यकारिणी
CM Sukhu at Wedding हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक (केसीसी बैंक) के चेयरमैन कुलदीप पठानिया के बेटे अभिषेक की शादी में शामिल हुए। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री के स्वागत में विधायक आशीष बुटेल, विधायक सुरेश कुमार, विधायक विवेक शर्मा, विधायक किशोरी लाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुमन भारती, मीडिया प्रभारी अंशुल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के वार्षिक बजट की तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने कहा, “बजट पूरे वित्तीय वर्ष का लेखाजोखा होता है, और इसे 17 मार्च को विधानसभा में पेश किया जाएगा।” उन्होंने जनता से अपील की कि वे बजट का आंकलन करें और सरकार द्वारा किए गए कार्यों को समझें।
प्रदेश के पेंशनधारकों को पेंशन न मिलने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समय पर पेंशन दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व कर्मचारियों को पेंशन निर्बाध रूप से दी जा रही है और इस संबंध में किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बदलने की अटकलों पर मुख्यमंत्री ने कहा, “अभी तक प्रतिभा सिंह ही हिमाचल कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष हैं। इस मुद्दे पर कोई नई बातचीत नहीं हुई है।” उन्होंने बताया कि हाल ही में कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल हिमाचल दौरे पर आई थीं, जहां नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा हुई है। जल्द ही कार्यकारिणी बनाई जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी।



