➤ सीएम सुक्खू ने 52 चिल्ड्रन ऑफ स्टेट को 10 दिन के शैक्षणिक दौरे पर किया रवाना
➤ दिल्ली, आगरा और गोवा का करेंगे भ्रमण, वॉल्वो बस और हवाई यात्रा की सुविधा
➤ सरकार अन्य जिलों के बच्चों को भी शैक्षणिक टूर पर भेजेगी
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला सचिवालय से सुखाश्रय योजना के तहत 52 चिल्ड्रन ऑफ स्टेट को 10 दिन के शैक्षणिक व मनोरंजनात्मक दौरे पर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने वॉल्वो बस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को शुभकामनाएं दीं।
इस 10 दिवसीय भ्रमण के दौरान बच्चे चंडीगढ़, दिल्ली, आगरा और गोवा का दौरा करेंगे। सरकार की ओर से बच्चों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। शिमला से गोवा तक की यात्रा के दौरान बच्चों को वॉल्वो बस, हवाई यात्रा और थ्री स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है, उन्हें राज्य सरकार ने संरक्षण प्रदान किया है। सरकार अब इन बच्चों के लिए अभिभावक की भूमिका निभा रही है। इसी सोच के तहत मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना में बच्चों को शैक्षणिक और सांस्कृतिक अनुभव देने के उद्देश्य से यह भ्रमण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले समय में प्रदेश के अन्य जिलों से भी बच्चों को ऐसे शैक्षणिक टूर पर भेजा जाएगा। इसके लिए जिला उपायुक्तों को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि नववर्ष की शुरुआत में ही राज्य सरकार ने करुणा मूलक आश्रितों को बड़ी राहत दी है। पहले चरण में 980 करुणा मूलक आश्रितों को रोजगार देने के लिए सरकार ने मंजूरी प्रदान की है, जिससे अनेक परिवारों को स्थायी सहारा मिलेगा।



