Follow Us:

ADR रिपोर्ट पर CM सुक्खू का पलटवार: बोले- BJP मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रही, मेरी संपत्ति मेहनत की कमाई

ADR रिपोर्ट पर CM सुक्खू ने BJP पर साधा निशाना
बोले- मुख्यमंत्री बनने के बाद नहीं खरीदी कोई नई संपत्ति
कांग्रेस छोड़ने वालों पर तंज- बिकने वालों की पार्टी में जरूरत नहीं


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ADR (एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स) की रिपोर्ट को लेकर भाजपा के हमलों का करारा जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा रिपोर्ट के बहाने उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है और उनकी सभी संपत्तियों का पूरा विवरण पहले ही चुनावी एफिडेविट में सार्वजनिक किया जा चुका है।

शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस जमीन और संपत्ति का जिक्र किया जा रहा है, वह उन्होंने मुख्यमंत्री बनने से पहले खरीदी थी। समय के साथ जमीन का बाजार मूल्य बढ़ा है और उसी जमीन पर उनका मकान भी बना है। उन्होंने कहा कि किसी संपत्ति का बाजार मूल्य बढ़ना स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसे गलत तरीके से पेश करना उचित नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी संपत्ति मेहनत और ईमानदारी की कमाई है। उन्होंने कहा कि ADR रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक योग्यता का भी सही उल्लेख नहीं किया गया है। रिपोर्ट में उनकी एमए और एलएलबी की डिग्रियों का जिक्र नहीं किया गया, जबकि यह जानकारी उनके चुनावी दस्तावेजों में पहले से उपलब्ध है। उन्होंने संबंधित संस्था से इस त्रुटि को सुधारने की भी बात कही।

ED-CBI से जांच करानी है तो करा लें: सुक्खू

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार के पास ED और CBI जैसी एजेंसियां हैं। पहले भी उनकी जांच हो चुकी है और यदि भाजपा चाहे तो दोबारा जांच करा सकती है। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी जांच से डर नहीं है, क्योंकि उन्होंने हमेशा मेहनत और ईमानदारी से ही धन अर्जित किया है।

कांग्रेस छोड़नी है तो जाएं, बिकने वालों की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के भीतर संभावित राजनीतिक उठापटक पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस का कोई विधायक या नेता भाजपा में जाना चाहता है तो वह जा सकता है। कांग्रेस को केवल विचारधारा से जुड़े लोगों की जरूरत है, बिकने वालों की नहीं

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई विधायक भी टिकट और अन्य राजनीतिक कारणों से लगातार कांग्रेस के संपर्क में रहते हैं। हालांकि कांग्रेस ऐसी भाजपा से किसी नेता को शामिल नहीं करेगी, जिस पर उन्होंने पेपर लीक और चंदा चोर जैसी राजनीति करने के आरोप लगाए।

प्रियंका गांधी के बयान का किया समर्थन

मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के शिक्षा मंत्री संबंधी बयान का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री ऐसा व्यक्ति होना चाहिए जिसकी सार्वजनिक छवि साफ हो और जो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर दिशा दे सके। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के कार्यकाल में पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद ADR रिपोर्ट, संपत्ति के मुद्दे और प्रदेश की सियासत को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।