Follow Us:

काफिला रोक बच्चों से मिले मुख्यमंत्री, पूछा- अंग्रेजी मीडियम शुरू हुआ या नहीं

Kangra school feedback by CM: जिला कांगड़ा के मटौर में जनसभा के बाद धर्मशाला सर्किट हाउस के लिए रवाना हो रहे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अचानक अपना काफिला रोक दिया। मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगली के पास छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों से मुलाकात की और स्कूल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बारहवीं कक्षा के छात्र अयान से स्कूल में मौजूद अध्यापकों की संख्या और अन्य सुविधाओं के बारे में सवाल किए। साथ ही छोटे बच्चों से पूछा, “क्या आपके स्कूल में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई शुरू हो गई है? क्या पढ़ाई में मजा आ रहा है?” बच्चों ने मुस्कुराते हुए सकारात्मक जवाब दिया।

बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया, जिसे उन्होंने खुशी-खुशी स्वीकार किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर स्थानीय लोग भी वहां इकट्ठा हो गए और उनके साथ फोटो खिंचवाने लगे। सभी ने मुख्यमंत्री की सादगी और आमजन के प्रति उनकी संवेदनशीलता की सराहना की। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सर्किट हाउस की ओर रवाना हो गया।