Follow Us:

मुख्यमंत्री ने किन्नौर को दी 48.48 करोड़ की विकास सौगात, कल्पा में 25 लाभार्थियों को भूमि के मालिकाना हक दिए

  • किन्नौर में 48.48 करोड़ की परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास, कल्पा में डाइट ऑडिटोरियम, खेल परिसर और यूथ हॉस्टल शामिल

  • वन अधिकार अधिनियम के तहत कल्पा ब्लॉक के 25 लाभार्थियों को भूमि के मालिकाना हक दिए गए

  • शिपकी-ला पास को पर्यटकों के लिए खोला गया, सीएम ने की खेलों, शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में कई घोषणाएं


किन्‍नौर, पराक्रम चंद : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज किन्नौर विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹48.48 करोड़ की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और लोकार्पण किए। इसमें ₹8 करोड़ की लागत से डाइट रिकांगपिओ ऑडिटोरियम, ₹29.88 करोड़ से राजीव गांधी खेल परिसर, और ₹10.60 करोड़ की लागत से यूथ हॉस्टल कल्पा का उद्घाटन शामिल है।

वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत मुख्यमंत्री ने कल्पा ब्लॉक के 25 पात्र लाभार्थियों को भूमि पट्टों के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 460 लोगों को इसी अधिनियम के अंतर्गत भूमि अधिकार दिए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी दी कि अब शिपकी-ला पास को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को बल मिलेगा। पर्यटक अब केवल आधार कार्ड और टोकन के साथ यहां पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का ज़िक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर 10,000 करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों की देनदारियां छोड़ी गईं, लेकिन वर्तमान सरकार ने भ्रष्टाचार के रास्ते बंद कर 3,000 करोड़ रुपये की बचत की है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने प्राकृतिक आपदा के बाद भी हिमाचल को सहायता नहीं दी, जबकि राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से ₹4,500 करोड़ का राहत पैकेज जारी किया।

उन्होंने प्रदेश को 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों का उल्लेख किया और कहा कि इस वर्ष 25,000 भर्तियां की जाएंगी। सुख आश्रय योजना और इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना जैसी पहलें राज्य सरकार द्वारा अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं के बच्चों के लिए चलाई जा रही हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ₹100 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवा रही है।

मुख्यमंत्री ने किन्नौर के चार खंडों में सीबीएसई स्कूल खोलने की घोषणा की और खेल परिसर व इंडोर स्टेडियम के लिए ₹10-10 करोड़ देने की बात कही। उन्होंने खेलो क्रिकेट टुक्पा क्वीन टीम के 11 खिलाड़ियों को ₹10,000-10,000 की प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ क्रिकेट मैच भी खेला।

इससे पूर्व उन्होंने डाइट में महिला मंडलों को ₹1 लाख का सामान खरीद अनुदान, और वार्षिक पत्रिका नारकासंग का विमोचन भी किया।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि कांग्रेस सरकारों की वजह से ही जनजातीय क्षेत्रों को विशेष दर्जा और विकास के लिए वित्तीय प्रावधान मिला।