➤ नादौन दौरे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने थर्ड फ्रंट के सवाल पर दिया जवाब
➤ रोबोटिक सर्जरी मुद्दे पर जयराम ठाकुर पर साधा निशाना
➤ प्रदेश में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं, सरकार जनहित में करेगी काम
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू दो दिवसीय दौरे पर हमीरपुर जिला के नादौन क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान अमतर क्रिकेट स्टेडियम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नादौन डिग्री कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने बहुउद्देशीय भवन का शिलान्यास किया और डिजिटल लाइब्रेरी, वर्चुअल क्लासरूम तथा स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने थर्ड फ्रंट को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी पार्टी बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कहीं और जाना चाहता है, उसे जाने से कोई रोक नहीं सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और प्रदेश में जनहित के कार्य करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष हिमाचल प्रदेश के विकास का विरोध क्यों कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आरडीजी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भाजपा ने चुप्पी क्यों साध रखी है।
रोबोटिक सर्जरी के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा दिए गए बयान पर भी मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा एम्स की तर्ज पर उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि आम लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जयराम ठाकुर स्वयं मुख्यमंत्री थे, तब वे नेरचौक मेडिकल कॉलेज में एक एमआरआई मशीन तक स्थापित नहीं कर पाए, जबकि अब स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को उच्च स्तर तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री विकास कार्यों को लेकर कुंठा से ग्रस्त दिखाई दे रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि फिलहाल हिमाचल प्रदेश में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। अगर भविष्य में कहीं ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो सरकार तुरंत आवश्यक कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने नादौन डिग्री कॉलेज में कार्यक्रम के लिए छात्रों के इंतजार करने पर उनका आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में कॉलेज में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और बहुउद्देशीय भवन की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जून माह से मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में मल्टी सुपर स्पेशलिटी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और साथ ही डेंटल कॉलेज शुरू करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी।



