Follow Us:

हाटू माता रोपवे परियोजना को आगे बढ़ाएगी सरकार, बोले सीएम सुक्खू

नारकंडा दौरे पर सीएम सुक्खू ने धार्मिक पर्यटन और सड़क परियोजनाओं को दी रफ्तार
ढली-नारकंडा-रामपुर फोरलेन का सर्वे पूरा, सुरंग निर्माण को मिलेगी प्राथमिकता
निर्विरोध चुनी गई नारकंडा नगर पंचायत को 50 लाख रुपये देने का एलान


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला जिले के नारकंडा दौरे के दौरान विकास, धार्मिक पर्यटन और सड़क संपर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। हाटू माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि ढली-नारकंडा-रामपुर फोरलेन सड़क परियोजना का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सुरंग निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि भूस्खलन की घटनाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि फोरलेन बनने से ऊपरी शिमला और रामपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा।

dhalli rampur four lane survey complete hatu mata ropeway project sukhu

मुख्यमंत्री सुक्खू ने हाटू माता रोपवे परियोजना को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को नाबार्ड के तहत विकसित करने का प्रस्ताव है। हालांकि इसे धरातल पर उतरने में तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है, लेकिन सरकार इसके क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि रोपवे बनने से धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाटू माता सड़क के सुधार कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और उन्नयन के दौरान पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी तथा पेड़ों की कटाई को न्यूनतम रखने का प्रयास होगा। इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नारकंडा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्विरोध निर्वाचित नारकंडा नगर पंचायत को विशेष प्रोत्साहन देते हुए 50 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आपसी सहमति और विकास की भावना से निर्विरोध चुनाव होना एक सकारात्मक संदेश है। इस अवसर पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और सम्मान भी किया।

मुख्यमंत्री ने नारकंडा में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक कुलदीप राठौर, देहरा विधायक कमलेश ठाकुर, वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।