Follow Us:

एनएसयूआई मंच से सीएम सुक्खू का भाजपा पर हमला, बोले- हमसे बड़ा सनातनी कौन

एनएसयूआई कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा पर साधा राजनीतिक निशाना

धर्म, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अग्निवीर योजना समेत कई मुद्दों पर रखी सरकार की बात

युवाओं के भविष्य, पारदर्शी प्रशासन और संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर


शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित राजीव भवन में आयोजित एनएसयूआई कार्यक्रम में भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम रोज पूजा करते हैं, गाय की पूजा करते हैं, कंजक पूजन करते हैं। हमसे बड़ा सनातनी कौन हो सकता है? भाजपा हमें सनातनी होने का प्रमाणपत्र देने की कोशिश करती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में लंबे समय से चली आ रही व्यवस्थाओं में बदलाव कर पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लगभग 40 वर्षों से चली आ रही कई व्यवस्थाओं में सुधार किए जा रहे हैं ताकि शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी और जनहितकारी बन सके।

युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के अनेक नेता एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस से निकलकर राजनीति में आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने हमेशा देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि पहले हिमाचल के युवाओं को सेना में अधिक अवसर मिलते थे, लेकिन अब भर्ती के अवसर सीमित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और अन्य विभागों में भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड को भंग किया गया और आरोपियों को जेल भेजा गया। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए।

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्ता के आधार पर हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्षों को भरोसा दिलाया कि उन्हें संगठन और सरकार में उचित जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों को शिकायत निवारण समितियों या अन्य उपयुक्त समितियों में शामिल किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी को बोर्ड और निगमों में पद देना संभव नहीं है, लेकिन अवसर मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि वे एक सामान्य परिवार से आते हैं और संगठन ने उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया, जिसके कारण आज उन्हें प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है।