Follow Us:

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर जोर, सीएम सुक्खू ने की सोलन के विकास कार्यों की समीक्षा

Solan Development Review: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने आधिकारिक निवास ओक ओवर, शिमला में सोलन जिले के विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों की परियोजनाओं पर विस्तृत जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय में पूरा करने के लिए जन-प्रतिनिधियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सोलन जिले की भावी योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि नवीन परियोजनाओं में नवाचार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए और इनका क्रियान्वयन ‘हरित राज्य’ के दृष्टिकोण से किया जाए।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याण और समग्र विकास के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने विधायकों से अपील की कि वे इन योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयास करें। उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सरकार की पहलों की चर्चा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नई योजनाएं और कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं, जिनके बारे में जनता को जागरूक करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि सोलन जिला प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और सरकार इसके समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक में विधायक राम कुमार चौधरी, संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी और हरदीप सिंह बावा उपस्थित रहे।